पिता-बेटे के रिश्ते की अनकही कहानी लेकर आ रहे अंशुमान झा और रघुबीर यादव

मुंबई। अंशुमान झा और रघुबीर यादव जल्द ही एक ऐसी कहानी लेकर सिनेमाघरों में पहुंचने वाले हैं, जो आम रिश्ते की उन भावनाओं को पर्दे पर उतारेगी, जिन्हें अक्सर परिवारों में खुलकर कहा नहीं जाता। पिता और बेटे के बीच प्यार होता है, लेकिन उसी प्यार के साथ उम्मीदें, नाराजगी, मतभेद और एक-दूसरे को समझने की कोशिश भी चलती रहती है। निर्देशक हरीश व्यास की आने वाली फिल्म ‘ओम का हरि’ इन रिश्तों के अनकहे हिस्से की कहानी सामने रखेगी। फिल्ममेकर्स ने अब इसकी रिलीज डेट से भी पर्दा हटा दिया है। हरीश व्यास के निर्देशन में बनी ‘ओम का हरि’ 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में अंशुमान झा और रघुबीर यादव मुख्य भूमिका में हैं। इनके अलावा सोनी राजदान, समता सुदीक्षा और आयशा कपूर भी अहम किरदार निभाती नजर आएंगी। फिल्म में इमोशन्स के साथ-साथ कॉमेडी भी देखने को मिलेगी। फिल्म का सबसे खास पहलू पिता-बेटे का रिश्ता है। कहानी में पिता और बेटे के रिश्ते में अक्सर एक पीढ़ी की सोच दूसरी पीढ़ी की सोच से टकराती है। एक तरफ पिता की अपनी उम्मीदें होती हैं, तो दूसरी तरफ बेटा अपनी जिंदगी को अपने तरीके से जीना चाहता है। इसी वजह से कई बार दोनों के बीच बहस और दूरी पैदा होती है। लेकिन इन सबके पीछे एक-दूसरे के लिए प्यार बना रहता है। फिल्म के लेकर निर्देशक हरीश व्यास ने कहा, ”मेरी तीनों फिल्मों में प्यार एक अहम हिस्सा रहा है। मैंने हर बार प्यार का अलग रूप दिखाने की कोशिश की है। मेरी पहली फिल्म ‘अंग्रेजी में कहते हैं’ पति-पत्नी के रिश्ते पर आधारित थी। इस फिल्म के जरिए हमने यह बात सामने रखी थी कि शादी को कई साल बीत जाने के बाद भी एक-दूसरे से प्यार का इजहार करना जरूरी है।” उन्होंने आगे कहा, ”इसके बाद हम ‘हम भी अकेले-तुम भी अकेले’ लेकर आए, जिसमें दोस्ती के जरिए प्यार को समझने की कहानी दिखाई गई। अब ‘ओम का हरि’ के साथ हम पिता और बेटे के रिश्ते तक पहुंचे हैं। यह कहानी मेरे लिए काफी निजी होने के साथ-साथ ऐसी भी है, जिससे बहुत से लोग खुद को जोड़ सकते हैं।” हरीश व्यास ने कहा, ”पिता और बेटे के बीच का टकराव शायद सबसे पुराना रिश्ता है। दोनों एक-दूसरे को चुनौती देते हैं, एक-दूसरे से उम्मीद रखते हैं और कई बार अपनी नाराजगी को भी अपने भीतर रखते हैं। लेकिन इन सारी चीजों के नीचे प्यार हमेशा मौजूद रहता है। फिल्म इसी बात को सामने लाने की कोशिश करती है कि कई बार रिश्ते को ठीक करने के लिए बहुत बड़ी चीजों की जरूरत नहीं होती, बल्कि अपनी बात कह देना ही काफी होता है।” ‘ओम का हरि’ हरीश व्यास और अंशुमान झा की साथ में तीसरी फिल्म है। इससे पहले दोनों ‘अंग्रेजी में कहते हैं’ और ‘हम भी अकेले-तुम भी अकेले’ में साथ काम कर चुके हैं। फर्स्ट रे फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘ओम का हरि’ 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link