पीएम मोदी के जन्मदिन पर नितिन नवीन ने किया रक्तदान, बोले- ‘राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ रहा भारत’

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। नितिन नवीन ने गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान किया। दिल्ली के भाजपा मुख्यालय में नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बैठकर स्वयं देखा और कलाकारों की हौसलाआफजाई की। पत्रकारों से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन है और मैं उन्हें बधाई देता हूं। आज हमारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ चल रहा है। आज रक्तदान के माध्यम से हजारों कार्यकर्ता इसकी शुरूआत कर रहे हैं। आज समस्त भारतवासी मिलकर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे।” उन्होंने कहा कि 17 सितंबर भगवान विश्वकर्मा की पूजा का दिन होने के साथ-साथ आधुनिक भारत के वास्तुकार प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू कर रही है और इस दिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देशभर में हजारों भाजपा कार्यकर्ता रक्तदान अभियान में हिस्सा ले रहे हैं। नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में हुए बदलाव केवल जीवन स्तर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे लाखों भारतीयों की सोच और मानसिकता में भी बदलाव आया है। आज भारतीय ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ आगे बढ़ रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देशभर में लोग उनके लंबे जीवन और निरंतर सफलता की कामना कर रहे हैं, ताकि भारत विकास की राह पर आगे बढ़ते हुए 2047 तक ‘विकसित राष्ट्र’ बनने के लक्ष्य को हासिल कर सके और वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बना सके। इससे पहले, गुरुवार सुबह नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ आपकी यह यात्रा सेवा, सुशासन और जनकल्याण की एक प्रेरक गाथा रही है। यह यात्रा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि देशवासियों के उस सामूहिक स्वप्न की भी यात्रा है, जिसे आपने अपने कर्म और साधना से दिशा दी है।” उन्होंने कहा, “आपके मार्गदर्शन में भारत विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम गढ़ रहा है तथा विश्व पटल पर अपनी नई पहचान और सामर्थ्य के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की शक्ति प्रदान करें।”

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link