फिल्म ‘बंदर’ की ईशा ने की जमकर तारीफ

बॉबी देओल अभिनीत फिल्म ‘बंदर’ 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। रिलीज से एक दिन पहले आयोजित फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग में उनकी बहन और अभिनेत्री ईशा देओल भी शामिल हुईं। इस मौके की एक तस्वीर ईशा ने सोशल मीडिया पर शेयर की, जिसमें वह बॉबी देओल और उनकी पत्नी तान्या देओल के साथ नजर आ रही हैं। तस्वीर के साथ ईशा ने फिल्म और अपने भाई के अभिनय की खुलकर सराहना करते हुए दर्शकों से फिल्म देखने की अपील की। ईशा ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “बॉबी, आप अपने बेहतरीन फॉर्म में हैं। बिना किसी संदेह के आज के सबसे बेहतरीन अभिनेताओं में से एक। दृढ़ और संवेदनशील, शाबाश भैया।” उन्होंने आगे दर्शकों से कहा, “जाइए और ‘बंदर’ देखिए।” ईशा की इस भावुक पोस्ट ने सोशल मीडिया पर प्रशंसकों का ध्यान खींचा है और भाई-बहन के बीच की आत्मीयता की भी खूब चर्चा हो रही है। अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी ‘बंदर’ एक क्राइम थ्रिलर फिल्म है, जो सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है। फिल्म की पटकथा सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने लिखी है। कहानी एक लोकप्रिय टीवी अभिनेता के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी उस समय पूरी तरह बदल जाती है जब उस पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगता है। फिल्म में बॉबी देओल के अलावा सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी, सबा आजाद, राज बी. शेट्टी, इंद्रजीत सुकुमारन और जितेंद्र जोशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link