भारतीय टीम पाकिस्तान को बड़े अंतर से हराएगी, दुबई में लहराएगा परचम: कोच ज्वाला सिंह

नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच शनिवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में ‘विमेंस एशिया कप 2026’ का हाईवोल्टेज मैच खेला जाना है। यशस्वी जायसवाल के बचपन के कोच ज्वाला सिंह का मानना है कि भारत इस मुकाबले में बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगा। भारतीय टीम ने थाईलैंड के खिलाफ 94 रन से जीत दर्ज करते हुए अपने विमेंस एशिया कप 2026 अभियान की शानदार शुरुआत की। इसके बाद ‘विमेन इन ब्लू’ ने हांगकांग, चीन को 137 रनों से रौंदकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अब भारतीय टीम पाकिस्तान को शिकस्त देकर सुपर-4 में उतरना चाहेगी। भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच अब तक कुल 17 मैच खेले गए हैं, जिसमें भारत 14-3 से काफी आगे है। ज्वाला सिंह ने ‘आईएएनएस’ से कहा, “भारतीय महिला टीम जिस तरह से क्रिकेट खेल रही है, उसे देखते हुए आज दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच में मुझे यकीन है कि भारतीय महिला खिलाड़ी अपनी ताकत दिखाएंगी। महिला क्रिकेट में पाकिस्तान के खिलाफ हमारा रिकॉर्ड पुरुषों के क्रिकेट से भी बेहतर है। मुझे पूरा भरोसा है कि आज भारतीय महिला टीम पाकिस्तान को बड़े अंतर से हराएगी और दुबई के मैदान पर जीत का परचम लहराएगी।” भारतीय क्रिकेट की नई आक्रामक पीढ़ी को तैयार करने वाले कोच ज्वाला सिंह ने कहा, “पिछले मैच में हमने देखा कि स्मृति मंधाना ने अच्छा स्कोर किया और ओपनर्स ने शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि वह मैच एक कमजोर टीम के खिलाफ था, लेकिन पाकिस्तान एक बेहतर टीम है। फिर भी, भारत के पास जिस तरह की ओपनिंग लाइन-अप, मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज और बॉलिंग अटैक है, उससे टीम का कॉम्बिनेशन काफी संतुलित है। पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना भी काफी प्रयास करेंगी। दबाव दोनों तरफ होता है। दोनों ही टीमें जीतना चाहती हैं। देखना होगा कि दोनों टीमें इस दबाव को कैसे संभाल पाती हैं।” क्रिकेट के शौकीन और उभरते हुए क्रिकेटर्स इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बेंगलुरु स्थित क्रिकेट एकेडमी में खेल के गुर सीख रहीं एंजेल ने कहा, “यह मुकाबला हमारे लिए बेहद अहम है। भारत-पाकिस्तान के मैच हाईवोल्टेज होते हैं। हमने पिछले मैच में शानदार जीत दर्ज की है। ऐसे में उम्मीद है कि इस कामयाबी को एक बार फिर दोहराएंगे। भारतीय खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।” ईशा ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि भारत इस मैच को अपने नाम करेगा, क्योंकि यह एक मजबूत टीम है। भारत अगर 200 स्कोर करता है, तो पाकिस्तान के लिए बेहद मुश्किल होगी।” एक अन्य खिलाड़ी ने कहा, “मुझे हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना से काफी उम्मीदे हैं। पिछले मैच में हमने जीत दर्ज की, लेकिन यह मुकाबला बेहद अहम है। क्रिकेट में बल्लेबाजी, गेंदबाजी के साथ फील्डिंग भी काफी अहम है। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को 200 के आसपास स्कोर करना होगा।”

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link