भारत बनाम जिम्बाब्वे: सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया, वैभव सूर्यवंशी पर होंगी निगाहें

हरारे। भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। भारतीय टीम सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। वहीं, जिम्बाब्वे को पहली जीत की तलाश होगी। भारतीय टीम के लिए पहले टी20 मुकाबले में सब कुछ सही घटा था। टीम के तेज गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को सिर्फ 125 रनों पर रोका था। अपनी रफ्तार के दम पर मयंक यादव विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को शांत रखने में सफल रहे थे और उन्होंने 18 रन देकर दो अहम विकेट चटकाए थे। वहीं, प्रिंस यादव भी अच्छी लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने 29 रन देकर 2 विकेट निकाले थे। अशोक शर्मा भी छाप छोड़ने में कामयाब रहे थे। स्पिन विभाग में रवि बिश्नोई की घूमती गेंदें जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुई थी। वहीं, बल्लेबाजी में वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए महज 19 गेंदों में 50 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि ईशान किशन ने 24 गेंदों में 35 रन बनाए थे। कप्तान श्रेयस अय्यर 24 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 28 रन बनाकर नाबाद रहे थे और टीम को जीत दिलाकर लौटे थे। दूसरी ओर, जिम्बाब्वे की टीम अपने बल्लेबाजों से दूसरे टी20 में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। पहले टी20 में सिर्फ वेस्ली मधेवेरे और रयान बर्ल ही कुछ हद तक लड़ाई लड़ते नजर आए थे। बर्ल ने 26 रन बनाए थे, तो वेस्ली ने 34 गेंदों में 3 चौके और एक छक्के की मदद से 39 रनों का योगदान दिया था। गेंदबाजी में ब्लेसिंग मुजारबानी अच्छी लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट निकाले थे। हालांकि, टीम के बाकी गेंदबाज लय में दिखाई नहीं दिए थे। पहले टी20 में हरारे की पिच तेज गेंदबाजों के लिए अच्छी नजर आई थी। हालांकि, क्रीज पर सेट होने के बाद बल्लेबाज भी आसानी से रन बनाते हुए दिखाई दिए थे। इस मैदान पर अब तक कुल 84 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 45 में जीत पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम के हाथ लगी है। वहीं, 37 मुकाबलों में रनों का पीछा करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है। पहली पारी का औसतन स्कोर 155 रन रहा है, तो दूसरी इनिंग का औसत स्कोर 133 रन रहा है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को हरारे में मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद है और बारिश होने की आशंका न के बराबर है। भारत की टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)। जिम्बाब्वे की टीम: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, तनाका चिवांगा, बेन कुरेन, ब्रैड इवांस, वेस्ले मधेवेरे, तदिवानाशे मारुमनी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुजरबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, न्यूमैन न्यामुरी, इनोसेंट काइया और तफदजवा त्सिगा।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link