भारत बनाम श्रीलंका: कोलंबो टेस्ट पर बारिश का साया, जानिए पांचों दिन कैसा रहेगा मौसम का हाल

नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच रविवार (23 अगस्त) से कोलंबो के सिंहली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। हालांकि, गाले की तरह इस टेस्ट मुकाबले पर भी बारिश का साया मंडरा रहा है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, दूसरे टेस्ट मैच के पांचों दिन बारिश होने की आशंका है। टेस्ट के पहले दिन बारिश होने के 64 प्रतिशत चांस हैं। सुबह और दिन के समय में बारिश होने की आशंका ज्यादा है। कोलंबो टेस्ट के दूसरे दिन बारिश होने की संभावना सबसे ज्यादा 96 प्रतिशत है। टेस्ट मैच के तीसरे दिन बारिश होने की आशंका 91 प्रतिशत है। चौथे दिन भी बारिश मैच का मजा किरकिरा करेगी, जबकि टेस्ट के आखिरी दिन भी इंद्र देव मुकाबले में लगातार खलल डाल सकते हैं। टेस्ट के पांचवें दिन बारिश होने की आशंका 91 प्रतिशत है। भारतीय टीम दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से आगे है। गाले में खेले गए पहले टेस्ट में भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 165 रनों से जीत दर्ज की थी। भारत की ओर से बल्लेबाजी में देवदत्त पडिक्कल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 167 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, केएल राहुल ने 82 रनों का योगदान दिया था। ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल ने भी अर्धशतकीय पारी खेली थी। वहीं, गेंदबाजी में मानव सुथार का जादू खूब चला था और उन्होंने पहली पारी में 4 और दूसरी इनिंग में 6 विकेट चटकाए थे। श्रीलंका के बल्लेबाजों ने भारतीय स्पिनर्स के आगे आसानी से घुटने टेक दिए थे। चौथी पारी में 372 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम 202 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। भारत और श्रीलंका के बीच अब तक 47 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं। इनमें भारत ने 23 मुकाबलों में जीत हासिल की है, जबकि श्रीलंका ने 7 मुकाबलों में बाजी मारी है। दोनों टीमों के बीच 17 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं। वहीं, कोलंबो के सिंहली क्रिकेट क्लब मैदान पर भारत का रिकॉर्ड मिला-जुला रहा है। इस मैदान पर टीम इंडिया ने 9 टेस्ट खेले हैं, जिनमें 3 में जीत, 2 में हार और 4 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link