मुख्यमंत्री भगवंत मान ने की शेर-ए-पंजाब टी20 कप के खिलाड़ियों संग मुलाकात

नई दिल्ली। शेर-ए-पंजाब टी20 लीग की शुरुआत 30 अगस्त से होने जा रही है। टूर्नामेंट का ऑक्शन 9 अगस्त को होना है। इससे एक दिन पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने टूर्नामेंट में हिस्सा लेने जा रहे खिलाड़ियों संग खास मुलाकात की। भगवंत मान ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर खिलाड़ियों संग हुई मुलाकात की तस्वीरें शेयर की। इन तस्वीरों में मुख्यमंत्री के साथ भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भी नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने लिखा, “शेर-ए-पंजाब टी20 कप के खिलाड़ियों से मिलकर मुझे बहुत खुशी हुई। पंजाब की धरती ने हमेशा देश को प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। हमारी सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और राज्य को खेल के क्षेत्र में और भी मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।” मुख्यमंत्री भगवंत मान ने टूर्नामेंट के शेड्यूल के बारे में जानकारी देते हुए कहा, “इस टी20 कप में 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी मैच 30 अगस्त से 13 सितंबर तक पीसीए क्रिकेट स्टेडियम, मोहाली में खेले जाएंगे। खेलता पंजाब, बढ़ता पंजाब।” शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी, जिसमें अमृतसर, बठिंडा, फाजिल्का, जालंधर, लुधियाना और मोहाली की टीम शामिल होंगी। 9 अगस्त को टूर्नामेंट के ऑक्शन में कुल 250 खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है, जिसमें से तकरीबन 120 प्लेयर्स के नामों पर छह फ्रेंचाइजी बोली लगाती हुई नजर आ सकती हैं। हर टीम अधिकतम 20 खिलाड़ी अपने स्क्वॉड में रख सकती है। हर फ्रेंचाइजी का सैलरी पर्स 45 लाख रुपये होगा। इस लीग में मूल रूप से पंजाब के रहने वाले इंटरनेशनल खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह और भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल भी इस लीग में खेलते हुए नजर आएंगे। टूर्नामेंट में कुल 27 मुकाबले खेले जाएंगे। शेर-ए-पंजाब टी20 लीग का फॉर्मेट राउंड रॉबिन होगा। इसके बाद नॉकआउट स्टेज के मुकाबले खेले जाएंगे।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link