यूएनजीए में आज इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू का संबोधन

न्यूयॉर्क। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू आज संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे। इजरायली पीएम के कार्यालय ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। हालांकि इसमें किसी अमेरिकी अधिकारी या पदाधिकारी से मिलने का कोई जिक्र नहीं किया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा गया कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू शाम 9 बजे (इजरायल के समयानुसार जबकि भारत में रात के 11.30 बजे) न्यूयॉर्क में यूएन जनरल असेंबली को संबोधित करेंगे। इससे इतर, प्रधानमंत्री अर्जेंटीना, बोलीविया, पैराग्वे, पनामा और इथियोपिया के राष्ट्रपतियों, कोलंबिया के उपराष्ट्रपति और ग्रीस, स्लोवेनिया और पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे। इसमें आगे कहा गया है कि सुक्कोत त्योहार में शामिल होना जरूरी है इसलिए प्रधानमंत्री लौट आएंगे। संयुक्त राष्ट्र महासभा के वर्तमान 81वें सत्र की मुख्य बैठकें और आम बहस 22 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही हैं। इसमें देश दुनिया के 193 देश हिस्सा ले रहे हैं। यूएनजीए के आम बहस की शुरुआत 22 सितंबर को महासिचव गुटेरेस के संबोधन से शुरू हुई; इसके बाद ब्राजील ने अपनी बात रखी। इसी दिन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने संबोधन में ईरान पर समझौता करने का दबाव बनाते हुए कहा कि अगर ऐसा नहीं किया तो उसे तबाह कर दिया जाएगा। इसके अगले दिन ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने पटल पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि ईरान परमाणु बम नहीं चाहता, लेकिन शांतिपूर्ण परमाणु तकनीक का अधिकार भी नहीं छोड़ेगा। पेजेश्कियन ने दोहरे मापदंड का हवाला देते हुए कहा, ‘इजरायल गाजा में निर्दोष लोगों को मारता है, लेकिन प्रतिबंध तेहरान पर लगाए जाते हैं। यही पश्चिमी देशों का दोहरा रवैया है।’ उन्होंने यह भी कहा कि इजरायल के पास परमाणु बम है, फिर भी इंटरनेशनल इंस्पेक्टर्स केवल ईरान के शांतिपूर्ण परमाणु कार्यक्रम की जांच करने और उस पर पाबंदियां लगाने की मांग करते हैं। 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर हवाई हमले किए थे। इसके 40 दिन बाद सीजफायर पर सहमति बनी थी। इजरायल की ओर से आक्रमण रुक गया लेकिन अमेरिका और ईरान के बीच तल्खी बरकरार है। होर्मुज को लेकर दोनों में तनाव बना हुआ है।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link