रांची समाहरणालय में तीन और लिफ्ट शुरू, अब कुल आठ लिफ्टों से मिलेगी सुविधा

रांची। रांची समाहरणालय आने वाले आम लोगों और विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बहुमंजिला समाहरणालय भवन में शुक्रवार को तीन और अत्याधुनिक लिफ्टों का शुभारंभ किया गया। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने ब्लॉक-ए में दो तथा ब्लॉक-बी में एक नई लिफ्ट का उद्घाटन किया। इसके साथ ही समाहरणालय परिसर में संचालित लिफ्टों की कुल संख्या बढ़कर आठ हो गई है। इससे पहले भवन में पांच नई लिफ्टें शुरू की गई थीं। उद्घाटन के अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि समाहरणालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए आते हैं। भवन की ऊपरी मंजिलों पर स्थित कार्यालयों तक पहुंचने में विशेषकर बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और अन्य आगंतुकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नई लिफ्टों के शुरू होने से लोगों को राहत मिलेगी और विभिन्न विभागों तक पहुंच पहले की तुलना में अधिक आसान एवं तेज होगी। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन समाहरणालय में आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रहा है, ताकि आम नागरिकों को बेहतर और सुगम प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें। नई लिफ्टों से अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच विभागीय आवागमन भी सुगम होगा, जिससे कार्य निष्पादन की गति में सुधार आएगा। समाहरणालय में स्थापित सभी नई लिफ्टें अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित हैं। इनमें ऑटोमैटिक रेस्क्यू डिवाइस (सेल्फ रेस्क्यू सिस्टम) लगाया गया है। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में यह प्रणाली लिफ्ट को स्वतः निकटतम मंजिल तक ले जाकर उसका दरवाजा खोल देती है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलने में सुविधा होती है। सभी लिफ्टों में आधुनिक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया है, जिससे उनका संचालन अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय होगा। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी लिफ्टों का नियमित निरीक्षण, समय-समय पर तकनीकी परीक्षण तथा आवश्यक रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए और लिफ्टों का संचालन निर्बाध रूप से जारी रहना चाहिए, ताकि नागरिकों को लगातार सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सुविधा मिलती रहे। इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) धनंजय, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी, आईटीडीए परियोजना निदेशक मनीषा तिर्की, नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार, स्थापना उप समाहर्ता ज्योति वंदना कुजूर, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा रविशंकर मिश्रा, विद्युत कार्यपालक अभियंता जयकांत कुमार सहित समाहरणालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link