रामनगर। उत्तराखंड राज्य गठन के बाद पहली बार रामनगर को देहरादून से सीधी एक्सप्रेस रेल सेवा मिल गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ किया। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे। इस अवसर पर सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि यह सिर्फ एक ट्रेन नहीं, बल्कि कुमाऊं के विकास, पर्यटन और रोजगार को नई गति देने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि उनका अगला लक्ष्य इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में केवल दो दिन के बजाय छह दिन कराना है। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र की जनता इस रेल सेवा की मांग कर रही थी। जिसे अब पूरा कर दिया गया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन को रवाना किया। यहां सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अपने कहा कि यह नई रेल सेवा कुमाऊं और गढ़वाल के बीच संपर्क को और मजबूत करेगी। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, पर्यटकों और आम यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। वहीं, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे उत्तराखंड में आधुनिक रेल सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। उन्होंने इस नई ट्रेन को उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। नई रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को सुबह 5:50 बजे रामनगर से रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान यह ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।











