राम कपूर पर लगे आरोपों के बीच पत्नी गौतमी कपूर का समर्थन

मुंबई। अभिनेता राम कपूर इन दिनों रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ को लेकर चर्चा में हैं। शो में उनके व्यवहार को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। वहीं अब उनकी पत्नी और टेलीविजन अभिनेत्री गौतमी कपूर खुलकर उनके समर्थन में सामने आई हैं। गौतमी ने एक वीडियो साझा कर लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के बारे में राय बनाने से पहले पूरी सच्चाई जानना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शो के कुछ हिस्से देखने के आधार पर किसी पर गंभीर आरोप लगाना सही नहीं है। दर्शकों को केवल वही दिखाया जाता है जो एडिट होकर सामने आता है। गौतमी कपूर वीडियो की शुरुआत में कहती है, ”मैंने पहले इस मामले पर कुछ भी बोलने का फैसला नहीं किया था। लेकिन पिछले कुछ दिनों से जिस तरह की बातें हो रही हैं, उन्हें देखकर मैंने अपनी चुप्पी तोड़ने का फैसला किया, इसलिए आज मैं अपने पति के लिए बोलने आई हूं। बहुत से लोग फैसले सुना रहे हैं और कह रहे हैं कि राम कपूर गलत हैं, उनका व्यवहार ठीक नहीं है या उनके इरादे सही नहीं हैं। लेकिन मैं आपको बताना चाहती हूं कि राम ऐसे ही हैं।” वीडियो में गौतमी आगे कहती है, ”मैं राम कपूर के हर व्यवहार को ठीक नहीं ठहरा रही हूं, लेकिन वह दिल के बहुत अच्छे इंसान हैं। वह इस खेल में बिना किसी रणनीति के गए हैं। अगर उनका व्यवहार सच में इतना गलत होता, तो शो में मौजूद दूसरे कंटेस्टेंट शुरुआत में ही इस बात को उठाते।” गौतमी का यह बयान उस समय सामने आया है, जब शो की कंटेस्टेंट श्रेया कालरा ने राम कपूर पर पर्सनल बाउंड्री पार करने का आरोप लगाया। श्रेया ने कहा था कि अगर राम दोबारा उन्हें किस करने की कोशिश करते हैं, तो वह उन्हें कहेंगी- ‘मेरे पापा भी मुझे इतना किस नहीं करते, इसलिए आप मुझे किस मत कीजिए।’ इस पूरे मामले पर बात करते हुए गौतमी ने सवाल उठाया कि अचानक अब इस मुद्दे को इतना बड़ा क्यों बनाया जा रहा है। शायद इसकी वजह यह हो सकती है कि राम ने श्रेया का समर्थन नहीं किया। यह राम का निजी फैसला है और वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहतीं। गौतमी ने कहा, ”शो को घर बैठे देखना और उसमें हिस्सा लेना दोनों अलग-अलग बातें हैं। हमें यह समझना चाहिए कि कंटेस्टेंट्स के लिए यह अनुभव कितना मुश्किल होगा। यह सिर्फ एक खेल नहीं है, बल्कि एक बड़ा मानसिक दबाव भी है। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि शो के एपिसोड एडिट किए जाते हैं। हमें पूरी कहानी नहीं पता होती, हम सिर्फ वही देखते हैं जो हमें दिखाया जाता है।” गौतमी ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी कंटेस्टेंट या कलाकार के बारे में नकारात्मक टिप्पणी करने से पहले यह जरूर सोचें कि इसका असर उनके परिवार पर भी पड़ता है। वीडियो के आखिर में उन्होंने कहा, ”मैं अंत तक अपने पति राम कपूर का समर्थन करूंगी। हम आपके लिए दुआ कर रहे हैं।’

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link