रोजगार मेले में प्रधानमंत्री मोदी 51 हजार से अधिक युवाओं में बांटेंगे नियुक्ति पत्र

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 सितंबर को 20वें रोजगार मेले में दोपहर 12.30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा विभिन्न सरकारी संगठनों में 51 हजार से अधिक नव नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इस अवसर पर वे नव चयनित उम्मीदवारों को संबोधित भी करेंगे। यह रोजगार मेला पूरे देश में 45 स्थानों पर आयोजित होगा। नव नियुक्त कर्मचारी भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में शामिल होंगे, जिनमें राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, रक्षा मंत्रालय इत्‍यादि शामिल हैं। रोजगार मेला दर्शाता है कि युवाओं के लिए रोजगार सृजन और देश के विकास में उनकी अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर सरकार का निरंतर ध्यान है। इस 20वें रोजगार मेले के साथ ही रोजगार मेलों के माध्‍यम से विभिन्न विभागों और सरकारी संगठनों में लगभग 12.75 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र मिले हैं। इससे पहले 23 मई को 19वां रोजगार मेला आयोजित किया गया था। इस मेले में रोजगार 51 हजार लोगों को नियुक्ति पत्र दिया गया था। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा था कि भारत के युवा ‘विकसित भारत’ की ओर बढ़ रही यात्रा को गति देने में एक अहम भूमिका निभा रहे हैं। ‘रोजगार मेला’ युवाओं को नए अवसर प्रदान कर सशक्त बनाने के प्रति हमारी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। भारत भी दुनिया के अलग-अलग देशों के साथ पार्टनरशिप कर रहा है। इसका उद्देश्य यही है कि भारत के युवाओं को अवसर मिले, रोजगार मिले और उनका सामर्थ्य खिल उठे। साथ ही साथ मैं चाहता हूं कि देश के नौजवानों को ग्लोबल एक्सपोजर भी मिले। स्वच्छ ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, हरित हाइड्रोजन और टिकाऊ विनिर्माण से जुड़े क्षेत्र भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इनसे जुड़ी साझेदारी एक नई अर्थव्यवस्था के नए अवसर के दरवाजे खोल रही हैं। स्वीडन, नॉर्वे और इटली जैसे देशों के साथ ‘ग्रीन ट्रांजिशन एंड सस्टेनेबल टेक्नोलॉजी’ में भी सहयोग बढ़ रहा है। ये भारत को क्लीन मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी फ्यूचर इंडस्ट्री में मजबूत करेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज हर भारतीय एक बड़े संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। ये संकल्प, 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आज देश अलग-अलग क्षेत्र में निवेश कर रहा है और इस निवेश से देश के युवाओं के लिए रोजगार के लाखों नए अवसर बन रहे हैं।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link