मैड्रिड/पेरिस। यूरोप में जारी भीषण गर्मी के बीच स्पेन और फ्रांस के जंगलों में लगी आग ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। स्पेन के कास्टेलॉन प्रांत के वैल डी’उइक्सो इलाके में लगी जंगल की आग पर काबू नहीं पाया जा सका है; करीब 10,000 हेक्टेयर क्षेत्र इसकी चपेट में आ चुका है। वहीं, फ्रांस में भी बढ़ते तापमान को देखते हुए सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है, और प्रधानमंत्री सेबास्टियन लेकोर्नू ने संकट की निगरानी के लिए अपनी छुट्टियां रद्द कर दी हैं। स्पेनिश मीडिया के अनुसार, वैल डी’उइक्सो इलाके की आग करीब 10,000 हेक्टेयर क्षेत्र में फैल चुकी है और लगभग 81 किलोमीटर के इलाके को प्रभावित कर चुकी है। आग के खतरे को देखते हुए करीब 10,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। स्पेन के सार्वजनिक प्रसारक आरटीवीई के अनुसार, वैल डी’उइक्सो क्षेत्र में लगी आग अभी नियंत्रण से बाहर है और अग्निशमन दल इसे काबू करने में जुटे हुए हैं। मैड्रिड, एविला, टोलेडो, कास्टेलॉन और अल्मेरिया समेत कई क्षेत्रों में आग बुझाने के अभियान जारी हैं। अधिकारियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती नई गर्मी की लहर के बीच आग को दोबारा फैलने से रोकना है। सांचेज ने बुधवार को नवालकारनेरो स्थित एक कमांड पोस्ट का दौरा किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति “अनुकूल” बनी हुई है, लेकिन बढ़ते तापमान के बीच अग्निशमन दलों की अब तक की प्रगति को बनाए रखना अगले 12 घंटों में सबसे बड़ी चुनौती होगी। सांचेज ने आग से प्रभावित इलाकों से विस्थापित लोगों से धैर्य रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को वापस घर भेजने के फैसले राजनीतिक नहीं, बल्कि वैज्ञानिक आकलन के आधार पर लिए जा रहे हैं, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। स्पेन में मैड्रिड के आसपास हजारों लोगों को बुधवार रात अपने घर लौटने की अनुमति दी गई। हालांकि आपातकालीन सेवाएं अभी भी आग बुझाने के अभियान में जुटी हुई हैं। करीब 24,000 लोगों को घर लौटने की अनुमति दी गई, जबकि 20,000 अन्य लोगों को घरों में रहने के आदेश से राहत दी गई। रातभर चले अभियानों के बाद स्थिति में सुधार हुआ है, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने नई हीटवेव को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने को कहा है। अधिकारियों के अनुसार, अब ध्यान आग की सीमा को सुरक्षित करने, नए हॉटस्पॉट की निगरानी करने और प्रभावित क्षेत्रों को ठंडा रखने पर है। प्रधानमंत्री सांचेज ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और साजिश संबंधी दावों से भी लोगों को सावधान किया। वहीं, फ्रांस में प्रधानमंत्री सेबास्टियन लेकोर्नू ने जंगलों में लगी आग के संकट को देखते हुए अपनी छुट्टियां टाल दी हैं। हालांकि आग पर काबू पाने में प्रगति हुई है, लेकिन बुधवार से शुरू हुई नई गर्मी की लहर को लेकर चिंता बनी हुई है। गिरोंद और नोवेल-अकितेन क्षेत्र की प्रीफेक्ट सोफी ब्रोका ने बताया कि आग फिलहाल नियंत्रण में है और रात के दौरान भड़की कुछ लपटों को भी जल्द काबू में कर लिया गया। फ्रांसीसी अग्निशमन महासंघ के संचार निदेशक एरिक ब्रोकार्डी ने बीएफएम टीवीसे कहा, “हम यह लड़ाई जीतेंगे।” हालांकि बढ़ते तापमान के कारण फ्रांस में नए सिरे से जंगलों में आग लगने का खतरा बना हुआ है। देश के 65 विभागों को उच्च अग्नि जोखिम चेतावनी पर रखा गया है।











