रक्षाबंधन पर बॉलीवुड में दिखा भाई-बहन का प्यार, प्रिया दत्त से लेकर सुनैना रोशन ने लुटाया प्यार

मुंबई। रक्षाबंधन का त्योहार पूरे भारत में खुशियों के साथ मनाया जा रहा है। बॉलीवुड में भी अभिनेता संजय दत्त, जैकी भगनानी और ऋतिक रोशन की बहनों ने अपने सोशल मीडिया के जरिए भाइयों के प्रति प्यार जाहिर किया है। अभिनेता संजय दत्त की बहन प्रिया दत्त ने परिवार संग बचपन की तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसके साथ उन्होंने लिखा, “बचपन की यादों से लेकर जिंदगी ने हमें जो कुछ भी दिया है, कुछ चीजें कभी नहीं बदलतीं। प्यार, हंसी-मजाक, नोक-झोंक, ढेर सारी कहानियां, बिना कहे सब समझ जाना और ये सुकून कि जिंदगी हमें कहीं भी ले जाए, हम हमेशा एक-दूसरे के साथ रहेंगे। हम साथ बड़े हुए हैं, जिंदगी को बदलते देखा है, उसके सबसे खूबसूरत पलों को सेलिब्रेट किया है और मुश्किल समय में एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं और इन सभी सालों में, ये रिश्ता उन कुछ चीजों में से एक है जिस पर मैं हमेशा भरोसा कर सकती हूं। हैप्पी रक्षा बंधन, भैया। हमने जो भी यादें बनाई हैं, जो भी साल साथ गुजारे हैं, उन सभी के नाम। आपका भाई के रूप में मिलना मेरे लिए हमेशा गर्व की बात है।” अभिनेता जैकी भगनानी की बहन और प्रोड्यूसर दीपशिखा देशमुख ने भाई को राखी बांधते हुए वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “हैप्पी रक्षा बंधन। सच में आजकल तुम्हारे जैसे लोग नहीं मिलते, जो सोने की तरह चमकते हैं। और हां, तुमसे बार-बार पैर छुआना… सच कहूं तो रक्षा बंधन का मेरा सबसे फेवरेट हिस्सा यही है। हमेशा प्यार, मेरे सबसे फेवरेट लड़ने-झगड़ने वाले और हमेशा के छोटे भाई को।” अभिनेता ऋतिक रोशन की बहन सुनैना रोशन ने भी भाई के लिए इंस्टाग्राम पर एक खास वीडियो पोस्ट किया, जिसमें दोनों के अब तक साथ में बिताए गए पल शामिल हैं। सुनैना ने अपने भाई के लिए लिखा, “जिंदगी चाहे कितनी भी बदल जाए, कुछ लोग हमेशा घर जैसे लगते हैं। इन सभी सालों और यादों, हंसी-खुशी, दुख और साथ में झेली गई मुश्किलों के लिए शुक्रिया, लेकिन सबसे ज्यादा शुक्रगुजार हूं कि तुम हमेशा मेरे साथ रहे।” उन्होंने आगे लिखा, “मेरी जिंदगी के सबसे मुश्किल समय में मेरे साथ रहने के लिए, जब मुझे सबसे ज्यादा जरूरत थी तब मेरे लिए खड़े होने के लिए और हमेशा ये एहसास दिलाने के लिए कि मुझे कभी भी अकेले किसी चीज का सामना नहीं करना पड़ेगा, तुम्हारा शुक्रिया। मुझे पता है कि मैं हमेशा तुम पर भरोसा कर सकती हूं और इसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगी। तुम्हें अपना भाई कहने पर मुझे गर्व है और इससे भी ज्यादा खुशी इस बात की है कि तुम हमेशा मेरा साथ दोगे। हर दौर में, हर खुशी और हर गम में, ये एक ऐसा रिश्ता है जो हमेशा अटूट रहेगा।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link