‘दायरा’ में करीना कपूर की टीम का हिस्सा होंगे उपेंद्र चौहान

मुंबई। अभिनेता उपेंद्र चौहान जल्द ही मेघना गुलजार की आने वाली इन्वेस्टिगेटिव थ्रिलर फिल्म ‘दायरा’ में नजर आएंगे। फिल्म में करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में हैं। अब उपेंद्र ने फिल्म में अपने किरदार और करीना के साथ उनके ट्रैक को लेकर कुछ दिलचस्प बातें साझा की। उन्होंने बताया कि फिल्म में करीना का किरदार उन्हें जांच के लिए अपनी टीम का हिस्सा बनाता है। फिल्म के बारे में बात करते हुए उपेंद्र चौहान ने कहा, ”कहानी में जांच के दो अलग-अलग पहलू दिखाए जाएंगे, जिसमें एक तरफ पृथ्वीराज सुकुमारन की टीम होगी, जबकि दूसरी तरफ करीना कपूर खान की टीम मामले की सच्चाई और न्याय तक पहुंचने की कोशिश करेगी। फिल्म में करीना मुझे बुलाकर जांच के लिए एक टीम तैयार करती हैं। फिल्म में मेरा किरदार एक पुलिसकर्मी का है।” अभिनेता ने कहा, ”मेरा किरदार मामले की जांच में अहम भूमिका निभाता है। करीना की टीम का मुख्य मकसद यह समझना है कि पृथ्वीराज सुकुमारन के किरदार और उनकी टीम ने मामले की जो जांच की है, वह कितनी सही और भरोसेमंद है। ऐसे में मेरा किरदार कहानी में जांच का एक अलग नजरिया लेकर आता है। मेरे किरदार के जरिए दर्शकों को मामले का दूसरा पक्ष समझने का मौका मिलेगा।” ‘दायरा’ की कहानी इसी वजह से दिलचस्प होने वाली है, क्योंकि फिल्म में एक ही मामले को दो अलग-अलग नजरिए से देखने की कोशिश की गई है। एक टीम अपनी जांच के आधार पर आगे बढ़ती है, जबकि दूसरी टीम उसी जांच की सच्चाई और उसके नतीजों को परखती है। इस दौरान न्याय तक पहुंचने की कोशिश में कई सवाल सामने आते हैं। उपेंद्र चौहान के लिए ‘दायरा’ इसलिए भी खास है क्योंकि मेघना गुलजार के साथ यह उनकी दूसरी फिल्म है। इससे पहले वह मेघना के निर्देशन में बनी फिल्म ‘सैम बहादुर’ में भी काम कर चुके हैं। मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी ‘दायरा’ में करीना कपूर खान एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन भी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म का ट्रेलर 31 अगस्त को रिलीज किया गया था और इसे दर्शकों के साथ-साथ आलोचकों की तरफ से भी जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। –आईएएनएस पीके/एएस

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link