हरिद्वार। भारतीय शिक्षा बोर्ड के अंतर्गत आयोजित द्वितीय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के पहले चरण का आयोजन हरिद्वार के आचार्यकुलम में किया गया। 14 और 15 सितंबर को हुए इस चरण में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने कबड्डी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, फुटबॉल और कुश्ती में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण ने किया। आचार्यकुलम में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता के शुभारंभ के दौरान स्वामी रामदेव ने कबड्डी में रेड लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण ने प्रतिभागियों को आशीर्वाद देते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की बात कही।
25 अक्टूबर तक चलेगी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता
भारतीय शिक्षा बोर्ड के राष्ट्रीय को-ऑर्डिनेटर स्वामी पुण्यदेव ने बताया कि प्रतियोगिता का अगला चरण 19-20 सितंबर को वाराणसी, 26-27 सितंबर को प्रयागराज, 3-4 अक्टूबर को बुलंदशहर, 10-11 अक्टूबर को दिल्ली और 24-25 अक्टूबर को हापुड़ में आयोजित होगा। राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का समापन 25 अक्टूबर को होगा। पहले चरण के समापन पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को स्वामी रामदेव ने पदक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष एनपी सिंह ने भी विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
बैडमिंटन में आचार्यकुलम का दबदबा
बैडमिंटन की विभिन्न श्रेणियों में आचार्यकुलम के खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रमुख रहा। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग की कई प्रतियोगिताओं में आचार्यकुलम ने पहला स्थान हासिल किया। बैडमिंटन डबल बॉयज के तीनों आयु वर्गों में भी आचार्यकुलम प्रथम रहा बैडमिंटन सिंगल गर्ल्स में अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में आचार्यकुलम ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि अंडर-17 में द एरूडाइट वर्ल्ड स्कूल प्रथम रहा। डबल गर्ल्स के अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में आचार्यकुलम ने पहला स्थान हासिल किया।
कबड्डी में बालिकाओं ने भी दिखाया दमखम
कबड्डी गर्ल्स के अंडर-17 और अंडर-19 दोनों वर्गों में आचार्यकुलम ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-17 में पतंजलि गुरुकुलम दूसरे और जीएसएस इंटरनेशनल स्कूल तीसरे स्थान पर रहा। अंडर-19 में मां उमिया ज्ञानपीठ हायर सेकेंडरी स्कूल दूसरे और पतंजलि गुरुकुलम तीसरे स्थान पर रहा।
बास्केटबॉल और फुटबॉल में भी खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर
बास्केटबॉल बॉयज के अंडर-14 में पतंजलि गुरुकुलम प्रथम और आचार्यकुलम द्वितीय रहा। अंडर-17 में पतंजलि गुरुकुलम प्रथम, आचार्यकुलम द्वितीय और पाठशाला सेकेंडरी स्कूल तीसरे स्थान पर रहा। अंडर-19 में आचार्यकुलम प्रथम और स्वामी दर्शानानंद हरिद्वार द्वितीय रहा। फुटबॉल बॉयज के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों में आचार्यकुलम ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं, कुश्ती में पतंजलि गुरुकुलम प्रथम, गुरुकुल किशनगढ़ घासेड़ा द्वितीय और जीएसएस इंटरनेशनल स्कूल तीसरे स्थान पर रहा।











