लंदन में छाया अमोल पराशर का शो ‘बेशर्म आदमी’, शानदार रिस्पॉन्स के बाद ग्लोबल टूर की तैयारी

मुंबई। मनोरंजन जगत में लाइव शो, स्टैंड-अप, या टॉक शो जैसे फॉर्मेट तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। इसमें कलाकार भी खुद को नए अंदाज में पेश करने की कोशिश करते दिखते हैं, ताकि दर्शकों से सीधा जुड़ाव बनाया जा सके। इसी कड़ी में एक्टर अमोल पराशर ने अपने अनोखे लाइव शो ‘बेशर्म आदमी’ के जरिए न सिर्फ भारत में, बल्कि अब विदेश में भी पहचान बनानी शुरू कर दी है। हाल ही में वह अपने इस शो के लिए लंदन पहुंचे, जहां उन्हें दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। इस बारे में बात करते हुए अमोल पराशर ने कहा, ”पिछले एक साल में ‘बेशर्म आदमी’ मेरे लिए सिर्फ एक शो नहीं, बल्कि एक निजी सफर बन गया है। हमने देशभर में लगभग 26 शो किए हैं। लंबे समय से मेरा सपना था कि मैं अकेले मंच पर एक ऐसा शो करूं, जिसमें मैं अपने तरीके से दर्शकों से बात कर सकूं। जब भारत में इस शो को लगातार अच्छा रिस्पॉन्स मिला, तब मुझे लगा कि अब इसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर ले जाने का सही समय आ गया है।” लंदन में अपने अनुभव को साझा करते हुए अमोल ने कहा, ”यह मेरे लिए बेहद खास रहा। मेरा मानना है कि लंदन जैसे शहर में थिएटर की संस्कृति काफी मजबूत है, जहां लोग लाइव परफॉर्मेंस को दिल से पसंद करते हैं। यहां मेरा हौसला बढ़ा है। हिंदी बोलने वाले दर्शकों का इस शो से गहरा जुड़ाव है। मुझे उम्मीद से ज्यादा शानदार रिस्पॉन्स मिला है, जिससे चलते मुझे इस शो को दुनिया के अन्य शहरों में ले जाने की प्रेरणा मिली।” ‘बेशर्म आदमी’ एक टॉक शो है। इसमें अमोल पराशर अपने खास अंदाज में मेहमानों से बातचीत करते हैं। शो के नाम से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसमें बिना किसी झिझक के बात की जाती है और हल्के-फुल्के मजाक के साथ कई दिलचस्प बातें सामने आती हैं।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link