अदाणी ग्रुप महाराष्ट्र में 6 लाख करोड़ रुपए निवेश करने के लिए प्रतिबद्ध : प्रणव अदाणी

मुंबई। अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल) के निदेशक प्रणव अदाणी ने ‘इन्वेस्ट महाराष्ट्र’ के लॉन्च के मौके पर कहा कि राज्य निवेशकों की रुचि को जमीनी प्रोजेक्ट्स में बदलने के लिए मजबूत प्रणाली तैयार कर रहा है। साथ ही कहा कि अदाणी ग्रुप राज्य और उनके मेहनती लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार की मौजूदगी में ‘इन्वेस्ट महाराष्ट्र’ कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए प्रणव अदाणी ने कहा कि अदाणी ग्रुप को महाराष्ट्र के भविष्य के दो मुख्य स्तंभों- एक तरफ औद्योगिक श्रेष्ठता और दूसरी तरफ हर नागरिक के लिए सम्मान-को बनाने में मदद करने पर गर्व है। दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (डब्ल्यूईएफ) और राज्य सरकार के साथ पार्टनरशिप के जरिए, अदाणी ग्रुप ने एनर्जी, एविएशन और एयरो-डिस्ट्रिक्ट्स, शहरी पुनर्निर्माण, डेटा सेंटर और कोल गैसीफिकेशन जैसे अहम और उभरते सेक्टर में 6 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के निवेश का प्लान बनाया है। उन्होंने कहा कि 2.6 लाख करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स या तो पूरे हो चुके हैं या उन पर काम चल रहा है। प्रणव अदाणी ने कहा, “यह ‘मुंबई 3.0’ की दिशा में हमारा योगदान है, यह सिर्फ एक बड़ी मुंबई नहीं, बल्कि बेहतर कनेक्टिविटी वाला, ज्यादा संतुलित और सबको साथ लेकर चलने वाला मेट्रोपॉलिटन इलाका होगा।” महाराष्ट्र राज्य के साथ अदाणी ग्रुप की पार्टनरशिप कई दशकों पुरानी है, लेकिन हाल के वादे इसके स्वरूप, पैमाने और संकल्प में एक बड़ी छलांग को दिखाते हैं। यह ऐसे समय में हो रहा है, जब राज्य का लक्ष्य 2030 तक एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनना है, जिसमें मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन की अहम भूमिका होगी। प्रणव अदाणी ने कहा, “हमें छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (सीएसएमआईए) को मैनेज करने और उसे बदलने का सौभाग्य मिला है, जिससे यात्रियों के अनुभव और ऑपरेशनल एक्सीलेंस में लगातार सुधार हुआ है। इसके साथ ही, हम ग्रीनफील्ड नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी तैयार कर रहे हैं, यह एक ऐसा इंफ्रास्ट्रक्चर एसेट है जो मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन के विकास को गति देगा और भविष्य में सालाना 90 मिलियन से ज्यादा यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा।” इन दो एविएशन गेटवे के आस-पास, अदाणी ग्रुप इंटीग्रेटेड एयरपोर्ट बिजनेस और हॉस्पिटैलिटी डिस्ट्रिक्ट बना रहा है, जो शहरी आवाजाही और व्यापार को नए सिरे से परिभाषित करेंगे। अदाणी एंटरप्राइजेज के डायरेक्टर ने कहा, “अदाणी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई लिमिटेड (एईएमएल) के जरिए, हम मुंबई में 30 लाख से ज्यादा घरों और प्रतिष्ठानों को बिजली पहुंचाते हैं। आज यह महानगर क्लीन एनर्जी अपनाने के मामले में दुनिया के बड़े फाइनेंशियल सेंटर्स से आगे है, और हमारी बिजली आपूर्ति का 60 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा रिन्यूएबल सोर्स से आता है और मुंबई के फाइनेंशियल सेंटर को बिजली कटौती से बचाने के लिए, हमारा 1,000 मेगावाट का हाई वोल्टेज डायरेक्ट करंट (एचवीडीसी) ट्रांसमिशन लिंक सीधे शहर में मजबूत, क्लीन ग्रीन पावर पहुंचाता है।” इसके साथ ही, पूरे राज्य में पंप-स्टोरेज हाइड्रो प्रोजेक्ट्स भी शुरू किए जा रहे हैं ताकि 24×7 ग्रीन बेसलोड पावर की गारंटी दी जा सके। प्रणव अदाणी ने कहा, “इन्फ्रास्ट्रक्चर में हमेशा मानवीय संवेदना होनी चाहिए। धारावी रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के जरिए, हमने आधुनिक इतिहास के सबसे महत्वाकांक्षी और संवेदनशील शहरी बदलाव के प्रोजेक्ट्स में से एक को हाथ में लिया है। हमारा नजरिया ‘लोग पहले’ का है, इसमें बिना समुदाय की आत्मा को नुकसान पहुंचाए लोगों की गरिमा का ध्यान रखना, रिलोकेशन से पहले आधुनिक घर बनाना, हजारों छोटे बिजनेस को औपचारिक रूप देना और सुरक्षित करना, और एशिया की सबसे बड़ी अनौपचारिक बस्ती को एक जीवंत, इंटीग्रेटेड इकोनॉमिक हब में बदलना शामिल हैं।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link