चेन्नई। साउथ सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता कमल हसन ने शुक्रवार को तमिलनाडु के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से मुलाकात की। इसकी कुछ तस्वीरें कमल हासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर की और विजय को उनके नए सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। कमल हासन ने विजय के साथ तस्वीरें पोस्ट कर लिखा, “आज मैंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और मेरे भाई विजय से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और शुभकामनाएं दीं। बातचीत के दौरान उन्होंने बेहद उत्साह के साथ तमिलनाडु के विकास के लिए कई योजनाओं के बारे में बताया।” कमल हासन ने विजय के व्यवहार की जमकर सराहना की। उन्होंने बताया कि विजय ने जिस विनम्रता, सादगी और स्नेह के साथ उनका स्वागत किया, उसने उनका दिल जीत लिया और उनका मन गर्व से भर गया। अभिनेता ने लिखा, “इस मुलाकात के दौरान हमने राज्य के विकास पर ही नहीं, बल्कि तमिल सिनेमा के बेहतर भविष्य पर भी चर्चा की। मैंने मुख्यमंत्री विजय के सामने सिनेमा जगत की बेहतरी के लिए 6 महत्वपूर्ण मांगें रखीं। बातचीत के दौरान मैंने इस बात पर भी जोर दिया कि तमिल फिल्म उद्योग इस समय कई तरह की चुनौतियों और बाधाओं से जूझ रहा है। ऐसे में सरकार का सहयोग और अपनापन मिलना फिल्म इंडस्ट्री के लिए बहुत जरूरी है, जो इस समय विभिन्न बाधाओं का सामना कर रहा है।” सी. जोसेफ विजय साउथ सिनेमा (तमिल) के सबसे लोकप्रिय और सबसे अधिक फीस लेने वाले सुपरस्टार्स में से एक हैं। फिल्म इंडस्ट्री में अपने अभिनय का लोहा मनवाने के बाद अभिनेता ने राजनीति में कदम रखा है और फरवरी 2024 में ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ नाम की अपनी राजनीतिक पार्टी बनाई। उन्होंने अंबेडकर, पेरियार और कामराज के सिद्धांतों को अपनाकर तमिलनाडु की राजनीति में एक जननायक के रूप में बड़ी जीत हासिल की और राज्य के नौवें मुख्यमंत्री बने।











