‘चार यार’ का पोस्टर शेयर कर मेकर्स ने बताई रिलीज डेट, सीरीज में चार दोस्तों की कहानी

 मुंबई। अमेजन प्राइम वीडियो की अपकमिंग क्राइम ड्रामा सीरीज ‘चार यार’ के मेकर्स ने शुक्रवार को रिलीज डेट की जानकारी दी। यह सीरीज 2000 के शुरुआती दौर की मुंबई की पृष्ठभूमि पर आधारित है। मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर सीरीज का पोस्टर शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, “चार दोस्त, एक चोरी, और पीछे हटने का कोई रास्ता नहीं ‘चार यार’ 23 अक्टूबर।” 2000 के दशक के शुरुआती दौर की मुंबई की पृष्ठभूमि पर बनी यह कहानी चार दोस्तों जय, टोनी, साहिल और समीर की है, जो अनजाने में मुंबई के अंडरवर्ल्ड और अपराध की दुनिया में फंस जाते हैं। ये चारों दोस्त मध्यम वर्ग के जीवन, परिवार की जिम्मेदारियों और बेहतर भविष्य के सपनों के बीच अपनी जिंदगी जीते हैं। उनकी साझा परेशानियां ही उनकी पक्की दोस्ती की नींव हैं। जो शुरुआत में अपनी हालत बदलने की एक कोशिश होती है, वह जल्द ही एक बड़े खतरे में बदल जाती है। इस मुश्किल समय में उनकी दोस्ती ही उनकी सबसे बड़ी ताकत होती है और हर एक फैसला उन्हें खतरे के और करीब ले जाता है। प्राइम वीडियो और अमेजन एमजीएम स्टूडियो इंडिया के निदेशक और ओरिजिनल्स (एसवीओडी) के प्रमुख निखिल माधोक ने सीरीज को लेकर कहा, “चार यार में दोस्ती, महत्वाकांक्षा, हास्य और अनपेक्षित मोड़ हैं, जो इसे एक बहुत ही मनोरंजक सफर बनाते हैं।” उन्होंने आगे कहा, “हम हमेशा नए कलाकारों का साथ देने में सबसे आगे रहे हैं और हमारे युवा कलाकारों की शानदार एक्टिंग देखना बहुत ही आनंददायक है। विनय वायकुल के निर्देशन और शिल्प ने इस कहानी को एक नया स्वाद दिया है। और हम इंतजार नहीं कर सकते कि जब यह 23 अक्टूबर को रिलीज होगी, तो दुनिया भर के दर्शक इस कहानी का अनुभव करें।”‘ विनय वायकुल द्वारा निर्देशित सीरीज में पूरव झा, नमन जैन, साकिब अयूब और प्रयारक मेहता मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा, सई ताम्हणकर, सिकंदर खेर, दिव्येंदु भट्टाचार्य, राजेश तैलंग, चंकी पांडे और भगवती पेरुमल जैसे कलाकार सहायक भूमिका में नजर आएंगे। अमेजन प्राइम वीडियो की अपकमिंग क्राइम ड्रामा सीरीज ‘चार यार’ 23 अक्टूबर से भारत समेत दुनिया के 240 से ज्यादा देशों में प्रीमियर होगी।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link