नारी शक्ति वंदन एक्ट को 2029 तक लागू करना सरकार का लक्ष्य : केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल

जयपुर। संसद के विशेष सत्र बुलाने की चर्चा के बीच केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू करने पर है और इसे लेकर प्रक्रिया जारी है। जहां तक रही बात विशेष सत्र बुलाने की, तो इसके बारे में आगे जानकारी दी जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “नारी शक्ति वंदन एक्ट का मामला अभी विचाराधीन है। हमने बजट सत्र के दौरान भी इसे लेकर कोशिश की थी क्योंकि हम चाहते हैं कि 2029 के चुनावों में नारी शक्ति वंदन एक्ट लागू हो। अगर संसद से कानून पास हो गया है लेकिन लागू नहीं हो रहा है, तो हम देश की आधी आबादी को क्या जवाब देंगे? अब हमारा ध्यान इसे लागू करने पर है। इसे लागू करने की प्रक्रिया चल रही है।” इस दौरान राजस्थान में होने वाले निकाय चुनावों को लेकर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि भाजपा पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि हम लगातार बैठकें कर रहे हैं। हमारे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान के लिए और राजस्थान की जनता के लिए खूब काम किए हैं, हम निकाय चुनाव में उन्हीं कामों के दम पर जाएंगे। उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में जनता में भारी उत्साह है। इसके दो-तीन मुख्य कारण हैं। केंद्र में भी भाजपा की सरकार है और राज्य में भी भाजपा की सरकार है। इसलिए जनता चाहती है कि अगर स्थानीय सरकार भी भाजपा की बने, तो तालमेल बना रहेगा, समन्वय रहेगा और हमारे विकास कार्य तेजी से और ज्यादा होंगे। यह सबसे बड़ा कारण है। इसके अलावा, सीएम भजन लाल ने जो काम किए हैं, उनकी रिपोर्ट भी लोगों तक पहुंची है।” कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कानून मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में कोई काम नहीं किया और अब भी वह कुछ नहीं कर रही है। लोगों को डबल इंजन की सरकार पर भरोसा है और निकाय चुनाव में यह ट्रिपल इंजन बन जाएगा। जनता हमारे साथ है और निकाय चुनाव हम जीतेंगे।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link