पटना में 90 फीट के रावण का होगा दहन, आधे घंटे तक होगी इको-फ्रेंडली आतिशबाजी

पटना। बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में विजयादशमी के अवसर पर 20 अक्टूबर को होने वाला रावण दहन इस बार विशालकाय पुतलों और आकर्षक आतिशबाजी के साथ भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट की ओर से आयोजित 71वें श्री रामलीला महोत्सव के तहत होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को लेकर जहां श्रद्धालुओं में उत्साह है, वहीं जिला प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इस वर्ष गांधी मैदान में रावण का 90 फीट, मेघनाथ का 85 फीट और कुंभकर्ण का 80 फीट ऊंचा पुतला तैयार किया गया है। बारिश से पुतलों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए इनके निर्माण में स्टील पाइप का इस्तेमाल किया गया है। रावण दहन के बाद लगभग आधे घंटे तक इको-फ्रेंडली आतिशबाजी की जाएगी, जो समारोह का प्रमुख आकर्षण होगी। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा के शामिल होने की स्वीकृति मिल चुकी है। श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट के अध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि वर्ष 1955 से चली आ रही यह परंपरा इस बार अपने 71वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। वहीं, चेयरमैन कमल नोपानी ने कहा कि रावण दहन केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ा उत्सव है। उधर, कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिलाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेटों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, प्रभावी भीड़ प्रबंधन तथा प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। इस कार्यक्रम को लेकर यातायात व्यवस्था में भी परिवर्तन किया गया है। जिलाधिकारी ने गांधी मैदान स्थित रावण दहन स्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों, ध्वनि विस्तारक यंत्रों, अग्निशमन व्यवस्था, प्राथमिक उपचार केंद्र और चिकित्सा सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मंच और बैरिकेडिंग को मजबूत एवं सुरक्षित बनाने के लिए भवन निर्माण विभाग को निर्देश दिए। साथ ही, नगर निगम को गांधी मैदान में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने और कार्यक्रम से पहले व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर कमियों को दूर करने का निर्देश दिया। प्रशासन का जोर है कि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और विजयादशमी का यह पारंपरिक आयोजन सुरक्षित माहौल में संपन्न हो।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link