भारत बनाम जिम्बाब्वे: टीम इंडिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी, प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव

हरारे। भारत ने रविवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे टी20 सीरीज के तीसरे मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया है। टीम इंडिया की निगाहें जीत की हैट्रिक के साथ सीरीज में क्लीन स्वीप करने पर होंगी। भारतीय टीम इस मैच में दो बदलावों के साथ उतरी है। प्रिंस यादव की जगह अशोक शर्मा को मौका दिया गया है, जबकि शिवम दुबे के स्थान पर सूर्यांश शेडगे खेल रहे हैं। दूसरी तरफ, जिम्बाब्वे की टीम में रिचर्ड नगारवा की जगह वेलिंगटन मसाकाद्जा को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। रविवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब टॉस जीतने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, “हम पहले बल्लेबाजी करेंगे, क्योंकि विकेट वही है जो कल था। उम्मीद है कि खेल आगे बढ़ने के साथ यह धीमा हो जाएगा। हमारे लिए जल्दी ढलना जरूरी होगा। हम बोर्ड पर एक अच्छा स्कोर बनाने की कोशिश करेंगे। प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव हैं। प्रिंस बाहर हैं इसलिए अशोक आए हैं, जबकि शिवम दुबे की जगह सूर्यांश आए हैं।” वहीं, जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने कहा, “हम भी पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे। टीम को कप्तान से कुछ और रनों की जरूरत है। उम्मीद है कि मेरा और टीम का प्रदर्शन अच्छा रहेगा। आज सुबह मजबूरी में बदलाव करना पड़ा; रिचर्ड नगारवा को थोड़ी तकलीफ है, इसलिए वेलिंगटन मसाकाद्जा खेल रहे हैं।” भारत ने सीरीज का पहला मैच 7 विकेट से अपने नाम किया था। इसके बाद अगले मुकाबले को 90 रन से जीतकर सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली। एक ओर भारत लगातार तीसरा मैच अपने नाम करना चाहेगा, तो दूसरी तरफ मेजबान जिम्बाब्वे का मकसद इस मैच को जीतकर सम्मान बचाना होगा। भारत की प्लेइंग इलेवन: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, रवि बिश्नोई, यश ठाकुर, मयंक यादव और अशोक शर्मा। जिम्बाब्वे की प्लेइंग इलेवन: ब्रायन बेनेट, बेन कुरेन, डायोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, वेस्ली मधेवेरे, तदिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामुरी, वेलिंगटन मसाकाद्जा और ब्लेसिंग मुजारबानी।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link