भूटान के राजा से म‍िले अमेरिकी दूत गोर, निवेश, इनोवेशन और सहयोग बढ़ाने पर हुई चर्चा

थिम्पू। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने गुरुवार को भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्येल वांगचुक से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने निवेश, इनोवेशन और सहयोग के नए अवसर बढ़ाने पर चर्चा की। गोर ने कहा कि भूटान अपने भविष्य को लेकर बड़े और महत्वाकांक्षी विजन पर काम कर रहा है। इसमें गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी भी शामिल है, जो अमेरिका के साथ रिश्तों और सहयोग को और मजबूत करने के नए मौके पैदा कर रही है। गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर लिखा, “जिग्मे खेसर नामग्येल वांगचुक से मिलना मेरे लिए सम्मान की बात थी। हमने निवेश, इनोवेशन और सहयोग के अवसर बढ़ाने पर चर्चा की। गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी समेत भूटान का अपने भविष्य को लेकर महत्वाकांक्षी विजन अमेरिका के साथ गहरे जुड़ाव के नए रास्ते खोल रहा है।” भूटान के आधिकारिक दौरे पर पहुंचे सर्जियो गोर ने प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे से भी मुलाकात की। दोनों ने क्षेत्र में स्थिरता और खुशहाली को आगे बढ़ाने के मुद्दे पर बातचीत की। गोर ने ‘एक्‍स’ पर लिखा, “भूटान वापस आकर बहुत अच्छा लगा। यह दुनिया की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है। अपने दोस्त प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे से मिलना हमेशा अच्छा लगता है। गर्मजोशी से स्वागत के लिए मैं उनका आभारी हूं। क्षेत्र में स्थिरता और खुशहाली को आगे बढ़ाने पर हमारी अहम बातचीत हुई।” इससे पहले मार्च में भी सर्जियो गोर और प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे की भूटान में मुलाकात हुई थी। उस दौरान दोनों ने आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा की थी। टोबगे ने ‘एक्‍स’ पर लिखा था, “भूटान दौरे पर आए भारत में अमेरिकी राजदूत और दक्षिण एवं मध्य एशिया के लिए विशेष दूत सर्जियो गोर का स्वागत करके खुशी हुई। हमने आपसी हित के क्षेत्रों में भूटान और अमेरिका के बीच सहयोग को और मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा की।” अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक, भूटान और अमेरिका के बीच अब तक औपचारिक राजनयिक संबंध स्थापित नहीं हुए हैं। इसके बावजूद दोनों देशों के बीच अच्छे और दोस्ताना अनौपचारिक रिश्ते हैं। ये संबंध भारत में अमेरिकी दूतावास और न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भूटान के मिशन के जरिए बनाए रखे जाते हैं।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link