महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस की पीएम मोदी से मुलाकात, इन मुद्दों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इसकी जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया के जरिए दी। पीएमओ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मुलाकात की फोटो शेयर करते हुए लिखा, ”महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।” इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को महाराष्ट्र में चल रहे विकास कार्यों, अधोसंरचना परियोजनाओं तथा केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। सीएम फडणवीस ने प्रधानमंत्री मोदी को राज्य के विभिन्न विकास प्रकल्पों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि महाराष्ट्र को देश की विकास यात्रा में अग्रणी बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं और योजनाओं के लिए केंद्र से निरंतर सहयोग का आग्रह भी किया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने पीएम मोदी से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फोटो भी शेयर की। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा मिल रहे सपोर्ट के प्रति प्रधानमंत्री मोदी का आभार भी जताया। सीएम फडणवीस ने एक्स पोस्ट में लिखा, ”नई दिल्ली में आज मैंने देश के लोकप्रिय और भारत के वैश्विक नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। हमने कई विषयों पर विस्तार से चर्चा की। मैंने उन्हें कई विकास परियोजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी दी और केंद्र-राज्य की संयुक्त परियोजनाओं के लिए भारत सरकार से और सहयोग का अनुरोध भी किया।” उन्होंने आगे बताया कि हमेशा की तरह, प्रधानमंत्री से मिलना प्रेरणादायक रहा और इससे सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। विकास से जुड़े मुद्दों पर लगातार और बहुमूल्य मार्गदर्शन तथा महाराष्ट्र को मजबूत समर्थन देने के लिए मैं उनका सदैव आभारी रहूंगा।” इसके अलावा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नई दिल्ली में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात की।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link