विजय देवरकोंडा ने सिंगीथम श्रीनिवास राव को किया याद, बोले-पेली चूपुलु के बाद से आपका प्यार मिला

मुंबई। एक्टर विजय देवरकोंडा ने अनुभवी फिल्ममेकर सिंगीथम श्रीनिवास राव के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने फिल्ममेकर द्वारा पिछले कुछ वर्षों में उनके प्रति दिखाए गए स्नेह और आत्मीयता को याद किया। सोशल मीडिया पर ‘डियर कॉमरेड’ के एक्टर ने याद किया कि कैसे सिंगीथम उन्हें फोन करते थे और उन पर प्यार और स्नेह बरसाते थे। उन्होंने फिल्ममेकर के विजन का हिस्सा बनने पर खुशी भी जाहिर की। विजय ने लिखा, “सिंगीथम सर, आपकी मान्यताएं, आपके विचार और आपकी कहानियां हमेशा हमारे साथ रहेंगी। ‘पेल्ली चूपुलु’ के बाद से जब भी आपने मुझे प्यार और स्नेह देने के लिए फोन किया, मुझे उम्मीद है कि आपकी किसी फिल्म में मुझे देखकर आपको खुशी हुई होगी और आपके चेहरे पर मुस्कान आई होगी।” विजय ने कहा, “सिंगीथम, मुझे खुशी है कि मैं आपके विजन का हिस्सा बन पाया। आपके लिए हमेशा मेरा सम्मान रहेगा।” ‘पेल्ली चूपुलु’ को तरुण भास्कर ने लिखा और डायरेक्ट किया था, और इसे राज कंदुकुरी और यश रंगिनेनी ने प्रोड्यूस किया था। इसमें विजय देवरकोंडा और रितु वर्मा मुख्य भूमिकाओं में थे। विजय ने सिंगीथम श्रीनिवास राव द्वारा डायरेक्ट की गई म्यूजिकल फैंटेसी-कॉमेडी फिल्म ‘सिंगीथम’ में एक खास कैमियो रोल किया था। 95 साल की उम्र में गुजरे सिंगीथम श्रीनिवास राव अपनी खास फिल्म मेकिंग स्टाइल, क्रिएटिव विजन और अलग-अलग जॉनर के साथ एक्सपेरिमेंट करने की इच्छा के लिए जाने जाते थे। कई दशकों के करियर में, इस फिल्ममेकर ने ‘राजा पारवई’, ‘अपूर्व सहोदररगल’, ‘माइकल मदन काम राजन’, ‘कधला कधला’ और ‘लिटिल जॉन’ जैसी कई बेहतरीन फिल्में बनाईं। उनके निधन पर भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नामों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है और सिनेमा में उनके योगदान और उनकी क्रिएटिव विरासत को याद किया है। जूनियर एनटीआर ने भी फिल्ममेकर के निधन पर दुख जताया और सिनेमा में उनके अहम योगदान को याद किया। उन्होंने श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “यह खबर बहुत दुखद है कि सिंगीथम श्रीनिवास राव गारू अब हमारे बीच नहीं रहे। आदित्य 369, पुष्पक विमानम, मयूरी… एक ऐसे दूरदर्शी जो अपने समय से आगे की सोचते थे और ऐसी फिल्में बनाते थे जो पीढ़ियों बाद भी नई लगती हैं। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति।” शोक व्यक्त करने वालों में अभिनेता कमल हासन, फिल्म निर्माता एस. एस. राजामौली और अभिनेता विष्णु मांचू शामिल थे, जिन्होंने भारतीय सिनेमा में सिंगीथम श्रीनिवास राव के अहम योगदान और उनकी खास रचनात्मक सोच को याद किया।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link