वी. पकिरिसामी पीएफसी के वाणिज्यिक निदेशक नियुक्त

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने वी. पकिरिसामी को पावर सेक्टर को लोन देने वाली सरकारी महारत्न कंपनी पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएफसी) का वाणिज्यिक निदेशक नियुक्त कर दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा गठित शुंगलू समिति में सेवा दी है और वे पीएफसी की ऋण नीति समिति तथा विभिन्न कार्यकारी समितियों के सदस्य रहे हैं। वी. पकिरिसामी पहले पीएफसी में कार्यकारी निदेशक एंटिटी अप्रेजल और आईटी के पद पर कार्यरत थे। पकिरिसामी के पास बिजली क्षेत्र और इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस में तीन दशकों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से बीई (मैकेनिकल) और एम.टेक (प्रबंधन और सिस्टम) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत 1989 में की और 1997 में पीएफसी में शामिल हुए। इन वर्षों के दौरान उन्होंने संगठन के कार्यों के विस्तार और उसके मूल्यांकन तथा जोखिम प्रबंधन ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिससे पीएफसी के ऋण पोर्टफोलियो के विकास में उल्लेखनीय योगदान मिला है। कंपनी के मुताबिक उन्होंने कई प्रमुख संस्थागत पहलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिनमें राज्य उत्पादन और पारेषण उपयोगिताओं के वर्गीकरण के लिए कार्यप्रणाली का विकास, बिजली वितरण कंपनियों के लिए एकीकृत रेटिंग ढांचे का निर्माण, और निजी क्षेत्र की संस्थाओं के लिए मूल्यांकन नीतियों का मसौदा तैयार करना शामिल है। उन्होंने ऑनलाइन ऋण आवेदनों, प्रारंभिक मूल्यांकन प्रक्रियाओं और नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए मूल्यांकन ढांचे की प्रणालियों की स्थापना में भी योगदान दिया है।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link